जनपद न्यायाधीश के नेतृत्व में जिला कारागार का सघन निरीक्षण संपन्न
हमीरपुर, संवाददाता। उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार राय के नेतृत्व में जिला कारागार, हमीरपुर का विस्तृत एवं सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा मानवाधिकारों के संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं का समग्र मूल्यांकन करना रहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अभिषेक गोयल, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वंदना अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला तथा जेल अधीक्षक उपस्थित रहे।
निरीक्षण दल ने कारागार की विभिन्न बैरकों, महिला बैरक, रसोईघर, चिकित्सालय, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं, महिला बंदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं कारागार परिसर की साफ-सफाई सहित समस्त व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान यह भी सत्यापित किया गया कि जिला कारागार में किसी भी बाल विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध नहीं रखा गया है तथा इस संबंध में निर्धारित विधिक प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन किया जा रहा है।
जनपद न्यायाधीश ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए तथा स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था एवं शासन तथा माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए। उन्होंने बंदियों के संवैधानिक एवं मानवाधिकारों की रक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक व्यवस्था को संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित करने पर विशेष बल दिया।
सम्पूर्ण निरीक्षण गंभीरता, पारदर्शिता एवं सूक्ष्मता के साथ सम्पन्न हुआ। निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि जिला कारागार में निरुद्ध प्रत्येक बंदी को विधि के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों तथा उनके संवैधानिक अधिकारों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
What's Your Reaction?