अयोध्या में लेखपाल के फर्जी ट्रैप के विरोध में यूपी के 75 जिलों में लेखपालों की कलमबंद हड़ताल
लखनऊ, संवाददाता। भ्रष्टाचार निवारण संगठन एंटी करप्शन टीम (एसीओ) द्वारा लेखपालों पर की जा रही गलत, फर्जी और दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई के खिलाफ उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने मोर्चा खोल दिया है। 20 अगस्त को जनपद अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।
संघ का आरोप है कि यह कार्रवाई बिना जांच-पड़ताल के, षड्यंत्रपूर्वक की गई। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज पर भी सवाल उठ रहे हैं। संघ ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का सबसे मेहनती, फ्रंट लाइन कर्मचारी है। गांव-गांव जाकर पैमाइश, अतिक्रमण, भूमि विवाद का काम करता है। कई बार अवैध काम न करने पर लोग रंजिश में झूठी शिकायत कर फंसा देते हैं।
एसीओ बिना शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि और रंजिश की जांच किए ट्रैप कर देती है, जिससे ईमानदार लेखपालों में भय और असुरक्षा का माहौल है। इसी के विरोध में आज प्रदेश की सभी 351 तहसीलों में थाना दिवस का बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदेशव्यापी एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन की कड़ी में आज 22, अगस्त को उ०प्र० लेखपाल संघ उप शाखा, सरोजनीनगर, जनपद लखनऊ ने भी थाना समाधान दिवस का बहिष्कार किया।
संघ के अध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि उक्त प्रकरण में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए। कार्रवाई में अपनाई गई प्रक्रिया एवं उपलब्ध साक्ष्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की जाए। यदि कार्रवाई तथ्यों के विपरीत पाई जाए तो दोषपूर्ण कार्रवाई को निरस्त कर संबंधित लेखपाल को राहत प्रदान की जाए। शिकायत तथ्यहीन या दुर्भावनापूर्ण पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। राजस्व लेखपाल के सम्मान एवं अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी नीतू यादव, आशीष कुमार, अमृतांजलि सिंह विश्राम, सतेन्द्र कुमार, ललितेश सिंह, बृजभान सिंह, आशीष अवस्थी, ओम प्रकाश गोंड सहित भारी संख्या में संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संघ ने स्पष्ट किया कि वह भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता, दोषी पर कठोर कार्रवाई हो, लेकिन निर्दाेष को फंसाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?