जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय बदनपुर एवं शीतलपुर का किया निरीक्षण
हमीरपुर, संवाददाता। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय बदनपुर एवं प्राथमिक विद्यालय शीतलपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण की गुणवत्ता तथा अध्यापकों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। अध्यापकों की उपस्थिति एवं शिक्षण कार्य संतोषजनक पाया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में छात्रों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षकों को छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करना शिक्षकों एवं अभिभावकों की संयुक्त जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित मिड-डे मील योजना के अंतर्गत तैयार किए गए भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता एवं स्वाद की जांच की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, बच्चों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा शिक्षण वातावरण का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?