बाबा नंद महर धाम मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने किया दुकानों का निरीक्षण
अमेठी (संवाददाता)। बाबा नंद महर धाम में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं एवं आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा खाद्य पदार्थों की दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया।
इस संबंध में सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार शुक्ला ने बताया कि मेले में संचालित खाद्य पदार्थों, मिठाई, खस्ता, समोसा एवं चाट आदि की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान राज चाट भंडार, महाकाल कैटर्स, गुप्ता चाट भंडार, पवन चाट भंडार, प्रहलाद कैटर्स, रिंकू मिठाई की दुकान, पप्पू मिठाई की दुकान सहित लगभग 20 दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों को तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य तेल एवं मसालों की गुणवत्ता और उपयोग की स्थिति का गहनता से परीक्षण किया गया। साथ ही दुकानों पर साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के रखरखाव की व्यवस्था भी देखी गई। कमियां पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों को सुधार सूचना जारी की गई तथा सभी दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और साफ-सुथरे वातावरण में खाद्य सामग्री तैयार एवं विक्रय करने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है, ताकि खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता एवं स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा सके।
What's Your Reaction?