विधायक, एमएलसी एवं ब्लॉक प्रमुख ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में नव दंपतियों पर पुष्पवर्षा कर दिया आशीर्वाद
अलीगढ़ (संवाददाता)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत विधानसभा अतरौली के नरौना एवं विधान सभा छर्रा के विकास वाटिका में सामूहिक विवाह समारोह के धूमधाम, उत्साह, रीति-रिवाज और संगीतमय वातावरण में भव्य आयोजन संपन्न हुए। छर्रा में आयोजित विवाह समारोह में विधायक छर्रा ठा0 रवेन्द्रपाल सिंह एवं एमएलसी चौ0 ऋषिपाल सिंह और नरौना स्थित कुसुम फार्म हाउस में ब्लॉक प्रमुख पति अतरौली केहर सिंह राजपूत एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विवाह समारोह में सम्मिलित होकर वर-वधुओं को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
विधायक छर्रा ठा0 रवेन्द्र पाल सिंह ने सामूहिक सामारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि सीएम योगी ने समाज की ऐसी समस्या का समाधान निकाला, जिसके पूरा होने से अब बेटियों का विवाह सम्मान के साथ भव्य समारोह आयोजित कर किया जा रहा है। कन्यादान सर्वश्रेष्ठ दान है और इसे पूरा करने में शासन-प्रशासन लगा हुआ है। पहले लोग सामूहिक विवाह को हल्के में लेते थे और इस प्रकार विवाह करने से बचते थे परन्तु यह गर्व करने की अनुभूति है जब एक ही परिसर में हर वर्ग, हर पंथ और समुदाय के नव दंपति विवाह के पवित्र बंधन में बंध रहे हैं।
एमएलसी चौ0 ऋषिपाल सिंह ने वर-वधुओं को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने इन कार्यक्रमों की रूपरेखा इस प्रकार निर्धारित की है कि किसी भी लाभार्थी परिवार पर वैवाहिक कार्यक्रम का कोई आर्थिक बोझ न पड़े। आयोजन में सम्पूर्ण व्यवस्थाओं का बड़ी बारीकी से ध्यान रखा गया है। उन्होंने नव दंपतियों से आव्हान किया कि विवाह जन्म-जन्मांतर का बंधन है इसे अच्छे से निभाएं, अपने परिवार में मिल-जुलकर और आपसी प्रेम से रहें।
केहर सिंह ने नव दंपतियों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारे देश और समाज की अनेकता में एकता, संस्कृति, सेवाभाव एवं आपसी प्रेम और सौहार्द की भावना को और बलवती करते हैं। मनुष्य के जीवन में वैवाहिक संस्कार का अपना एक महत्व है और इतने वृहद और भव्य स्तर पर सामूहिक विवाह के प्रदेश भर में सफल आयोजन होना मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच को परिलक्षित करता है।
इससे पूर्व विधायक सहित अन्य जनप्रतिनधियों एवं अधिकारियों द्वारा विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत सुभारंभ किया गया। सामूहिक विवाह समारोहों में आचार्यों द्वारा पवित्र मंत्रोचार कर वैवाहिक विधि से पाणिग्रहण संस्कार एवं काजीजी द्वारा कुरान के पवित्र आयतों से निकाह संपन्न कराए गए। अतिथियों द्वारा पुष्प वर्षा कर नवयुगलांे को अपने आशीर्वाद से अभिसिंचित किया गया। अतरौली एवं छर्रा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोहों में 234 नव दंपतियोें का विवाह संपन्न कराया गया जिनमें से 213 का वैदिक रीति-रिवाज से एवं 21 का मुस्लिम धर्मानुसार विवाह संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर डीडीओ सुभाष नेमा, पीडी आर0के0 कुरील, नायब तहसीलदार अतरौली सचिन कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक, डीपीओ के0के0 राय, सीडीपीओ अतरौली तनुजा सिंह समेत अन्य जनप्रतिनधि, अधिकारी एवं लाभार्थियों के परिजन उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?