मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक

May 14, 2026 - 22:03
 0  3
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक

उतरौला (बलरामपुर), संवाददाता। थाना कोतवाली उतरौला क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के पंचम चरण के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र की महिलाओं और पुरुषों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। टीम ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मी बाई बाल एवं महिला सम्मान कोष तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभ एवं पात्रता के बारे में विस्तार से बताया।

इसके साथ ही लोगों को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने वूमेन पावर लाइन 1090, एम्बुलेंस सेवा 108, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, गर्भवती महिलाओं के लिए 102, साइबर हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग और महत्व की जानकारी दी।

अभियान के दौरान थाने पर गठित महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया गया। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या साइबर अपराध की स्थिति में वे तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

महिलाओं को चौन स्नैचिंग जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहने, अजनबियों से सावधान रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और उन्हें उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना है। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और पुलिस की इस पहल की सराहना की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow