सादुल्लानगर में दबंगों का तांडव, बीच-बचाव करने गए पूर्व प्रधान की पीट-पीटकर हत्या
सादुल्लानगर/बलरामपुर, संवाददाता। थाना सादुल्लाहनगर के अंतर्गत ग्राम परसरामपुर में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चार पहिया सवार दर्जनों हमलावरों ने गांव पर धावा बोल दिया। इस हिंसक झड़प में बीच-बचाव करने पहुंचे पूर्व प्रधान और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष तेज बहादुर यादव उर्फ बब्बन यादव (57) की लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की जड़ें 12 मई को हुई एक कहासुनी से जुड़ी हैं। परसरामपुर निवासी जयकरन (पेटबली) के घर लड़के की शादी थी। बारात रवानगी के समय जयकरन के रिश्तेदारों और गांव के कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय गांव के बड़े-बुजुर्गों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था और दोनों पक्षों में सुलह हो गई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि उसी रंजिश को पालते हुए गांव के ही कुछ लोगों ने बाहरी ‘भाड़े के गुंडों’ को बुलाया था। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे स्कार्पियो में सवार होकर आए करीब दो दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडे, लोहे की चेन और रॉड से लैस होकर ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
गांव में शोर-शराबा और मारपीट देखकर पूर्व प्रधान तेज बहादुर यादव मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने की कोशिश करने लगे। तभी हमलावरों ने उन पर लोहे की रॉड और डंडों से प्राणघातक हमला कर दिया। उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़कर हमलावर मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में उन्हें गोंडा रेफर किया गया, लेकिन लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
तेज बहादुर यादव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी मृत्यु से पत्नी शीला देवी, पुत्र कल्पनाथ (19), सत्येंद्र नाथ (15), उपेंद्र नाथ (13), आलोक यादव (22) और पुत्रियां रेनू (18), मीनू (16) व 4 वर्षीय मासूम दिव्यांशु का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों में इस कायराना हमले को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
What's Your Reaction?