अपर जिलाधिकारी ने की प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा 2025 की तैयारियों के संबंध में बैठक

Jun 11, 2026 - 20:15
 0  6
अपर जिलाधिकारी ने की प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा 2025 की तैयारियों के संबंध में बैठक

सहारनपुर, संवाददाता। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज प्रारम्भिक परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा के सफल संचालन हेतु परीक्षा को निर्धारित प्रक्रियानुसार सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्वक सम्पन्न कराने के लिये प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, सजगता, आत्मानुशासन एवं समयपालन सुनिश्चित कराने के लिए बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि नकल या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शीतल पेयजल और अन्य विशेष इंतजाम किए जाएं। परीक्षा केन्द्रों पर पुरूष एवं महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर उपस्थित सभी कार्मिक अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र जरूर प्रदर्शित करें। नकल विहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में उन्होंने कहा कि परीक्षा के संबंध में भर्ती बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये। परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं बेहतर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये। कक्ष निरीक्षकों की अच्छी तरह से ब्रीफिंग और ट्रेनिंग करा दी जाये। परीक्षा के दौरान सभी अधिकारी भ्रमणशील रहें।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने कहा कि सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र पर्यवेक्षक निर्धारित प्रक्रियानुसार परीक्षा के सफल संचालन एवं परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्षता एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए लगन, सजगता, आत्मानुशासन एवं समयबद्धता से सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ नकलविहीन संपन्न करायी जाये। इसकी संवेदनशीलता, शुचिता एवं पारदर्शिता किसी भी स्तर पर भंग न हो, यदि कोई भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होने रेलवे, रोडवेज एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे। साथ ही होटलो एवं धर्मशालाओं में भी ठहरने पर किसी को दिक्कत न हो। होटल, धर्मशाला सहित ई-रिक्शा की दरें भी निर्धारित की जाएं। उन्होने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लें।

प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा 2025 के पदों पर भर्ती परीक्षा जनपद में 21 परीक्षा केंद्रों पर पूर्वान्ह 09ः30 से 11ः30 बजे तक संपादित होगी। इसमें 9207 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

कोषागार से परीक्षा केन्द्रों तक प्रश्न पत्र को गाडी में पुलिस अभिरक्षा सहित प्रोटोकाल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ले जाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के अंदर मोबाइल, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, वाच, चाबियां, ब्लूटूथ, डिजिटल पैन, हैल्थ बैण्ड आदि इलैक्ट्रानिक गैजेट्स पूर्ण प्रतिबंध होंगे। केवल पेन, प्रवेश पत्र एवं आईडी कार्ड के साथ ही अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश कर सकेंगे। उन्होने कहा कि परीक्षा के दिनों में जाम की स्थिति न हो। बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए जिससे आमजनों एवं परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो।

बैठक में एसपी सिटी व्योम बिंदल सहित समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट, सैक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow