लखनऊ (संवाददाता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत का संविधान हम सभी का गौरव और 145 करोड़ भारतवासियों का मार्गदर्शक है। हमारा संविधान हमें अधिकारों का स्मरण कराने के साथ ही कर्तव्यों का बोध कराता है तथा देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का एहसास भी कराता है। संविधान की गरिमा बनाए रखना हम सभी भारतवासियों का दायित्व है।
सीएम योगी गुरूवार को लोक भवन में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठन कराया तथा डॉ0 बी0आर0 आम्बेडकर मूर्ति विकास योजना के अन्तर्गत 3,955 स्थलांे पर सौन्दर्यीकरण कार्यों का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् एवं राष्ट्रगान जन-गण-मन का गायन किया गया। मुख्यमंत्री ने भारत माता तथा बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों से सम्बन्धित विषय पर जनपद स्तर पर आयोजित वाद-विवाद एवं निबन्ध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान भारत के संविधान से सम्बन्धित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए संविधान के शिल्पी बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर तथा संविधान सभा के सभी महान विभूतियों का स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज हम संविधान के उन महान निर्माताओं का स्मरण कर रहे हैं, जिनकी प्रेरणा से प्रत्येक नागरिक स्वयं को भारत के संविधान का वास्तविक संरक्षक स्थापित कर सकता है। प्रत्येक नागरिक यह कह सकता है कि वह भारत के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करने का समर्थक है, क्योंकि संविधान हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ उत्तरदायित्वों का भी बोध कराता है।
उन्होंने कहा कि जिसके मन में नेशन फर्स्ट अर्थात राष्ट्र प्रथम का भाव है, वह प्रत्येक व्यक्ति संविधान की भावना का सच्चा समर्थक है। आज हम सभी के लिए गौरव का दिन है कि हम भारत के संविधान के शिल्पी बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर तथा संविधान निर्माण से जुड़े सभी महान विभूतियों का स्मरण कर रहे हैं। इन सभी महापुरुषों ने भारत की आजादी और संविधान निर्माण के समय देश की भावनाओं को समझते हुए विश्व का सबसे विराट संविधान प्रदान किया।
सीएम योगी ने कहा कि जब भारत में संविधान सभा का गठन हुआ और संविधान निर्माण की प्रक्रिया प्रारम्भ हुई, तब संविधान निर्माताओं के सामने यह विचार था कि संविधान निर्माण की प्रक्रिया को किस प्रकार आगे बढ़ाया जाए। उस समय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के इस विचार को ध्यान में रखा गया कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे। इसी भावना के अनुरूप भारत के संविधान का निर्माण किया गया। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर ने संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और 26 नवम्बर, 1949 को संविधान अंगीकृत किया गया।
हमें गौरव की अनुभूति होनी चाहिए कि भारत के संविधान ने पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क भारतीय मतदाता को बिना किसी भेदभाव के अपना मत देने का अधिकार प्रदान किया। दुनिया के अनेक देश स्वयं को लोकतंत्र का ठेकेदार बताते हैं, लेकिन वहां जाति, रंग और लिंग के आधार पर लम्बे समय तक लोगों को समान अधिकारों से वंचित रखा गया। भारत के संविधान ने प्रारम्भ से ही सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान किए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2015 में बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया। आज का दिन केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि संविधान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उसके द्वारा दिए गए अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का बोध करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत की संविधान सभा में सर्वाधिक 55 सदस्य उत्तर प्रदेश से थे। संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों में से 04 महिला सदस्य उत्तर प्रदेश से थीं। सुचेता कृपलानी, पं0 गोविन्द बल्लभ पन्त और राजर्षि पुरुषोत्तम दास टण्डन जैसे महान व्यक्तित्वों ने भी संविधान को आकार देने में अपना बहुमूल्य योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि भारत के संविधान की मूल प्रति में आचार्य नन्दलाल बोस और राम मनोहर सिन्हा द्वारा बनाए गए चित्र भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हैं। इस मूल प्रति में पुष्पक विमान से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी एवं हनुमान जी के साथ अयोध्या आगमन का दृश्य, कुरुक्षेत्र के युद्ध मैदान में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को उपदेश देने का चित्र, भगवान बुद्ध तथा सम्राट अशोक के चित्र भी मौजूद हैं। यह प्रमाणित करता है कि भारतीय संविधान ने देश की सांस्कृतिक विरासत को पूरा सम्मान दिया है।
सीएम योगी ने कहा कि संविधान की उद्देशिका के प्रारम्भिक शब्द ’हम भारत के लोग’ अपने आप में बहुत कुछ स्पष्ट करते हैं। भारत की सम्प्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार अथवा किसी जाति विशेष में निहित नहीं है, बल्कि देश के सामान्य नागरिक में निहित है। भारत का प्रत्येक नागरिक देश का वास्तविक संरक्षक है। कोई व्यक्ति अथवा परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत का निर्माण हुआ है अथवा वही भारत का मालिक और संरक्षक है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को यह अधिकार और जिम्मेदारी प्रदान की है कि वह भारत का वास्तविक संरक्षक बनकर अपने दायित्वों का निर्वहन करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति, समाज, जाति अथवा देश को यदि अपने महापुरुषों और अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति नहीं होती तथा वह अपने वर्तमान को गौरवशाली नहीं बना पाता, तो उसका भविष्य भी अंधकारमय हो जाता है। देश को गुमराह करने वाले और अपने स्वार्थ के लिए संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रयासों से हमें सतर्क रहना होगा। संविधान को कमजोर करने और भारत के लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशों से बचना होगा।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जो कार्य वर्ष 1949-50 अथवा प्रथम पंचवर्षीय योजना के दौरान होने चाहिए थे, वे लम्बे समय तक नहीं हो पाए। संत रविदास जी महाराज की पावन जन्मभूमि सीर गोवर्धन में बेहतर सुविधाओं, कनेक्टिविटी और उनकी प्रतिमा की स्थापना का कार्य भी नहीं हो पाया था। यह कार्य तब आगे बढ़े, जब उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार आई।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने प्रदेश में ऐसे 4,030 स्थलों को चिन्हित किया है। इन स्थलों पर सौन्दर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। इनमें से 3,955 स्थलों पर आज कार्यों का शुभारम्भ किया जा रहा है। निर्धारित समय-सीमा में इन सभी कार्यों को पूरा कर समाज के अन्तिम पायदान पर बैठे व्यक्ति की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संविधान दिवस हम सभी के लिए गर्व का दिन है। आज हमारा देश बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहा है। बाबा साहब विश्व के सबसे अधिक बुद्धिमान व्यक्तियों में से एक थे। उन्होंने जो विचार दिये हैं उसके आधार पर आने वाली अनन्त पीढ़िया देश की सेवा करने का कार्य करेंगी।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश ने आज ही के दिन संविधान को अंगीकृत किया था। प्रधानमंत्री जी ने बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थ को विकसित करने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने बाबा साहब के समरसता के सिद्धान्त को धरातल पर उतारने का कार्य किया है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे लम्बा लिखित संविधान है। यह 02 वर्ष 11 माह 18 दिन में तैयार हुआ था। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रत्येक वर्ग को सामान अवसर मिला है।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संविधान शिल्पी बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर के जीवन से जुड़े 05 स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक गांव में जहां-जहां बाबा साहब की मूर्ति लगी है, उसे आम्बेडकर तीर्थ के रूप में विकसित करने का बड़ा अवसर प्रदान किया है।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ0 महेन्द्र सिंह, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एस0पी0 गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।