श्रम विभाग में संचालित योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
अमेठी (संवाददाता)। जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में गुरूवार कलेक्ट्रेट सभागार में श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए पंजीकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि श्रमिकों के पंजीकरण में तेजी लाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें। इसमें यह स्पष्ट किया जाए कि श्रमिकों के पंजीकरण के लिए किन-किन विभागों से किस प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है, ताकि सभी संबंधित विभागों के समन्वय से अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जा सके।
उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने नगरीय क्षेत्रों में कार्यरत निर्माण श्रमिकों को चिह्नित करते हुए उनका अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराएं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभिन्न निर्माण स्थलों (कंस्ट्रक्शन साइटों) एवं लेबर अड्डों पर स्वयं पहुंचकर श्रमिकों से संपर्क करें और उन्हें श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।
बैठक में श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण, नवीनीकरण, ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण तथा श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की स्थिति पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवेदन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया में भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे कोई भी पात्र श्रमिक शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों का पंजीकरण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि इसके माध्यम से पात्र श्रमिकों को शासन की योजनाओं से वास्तविक रूप से लाभान्वित किया जाए। इसके लिए विभागीय अधिकारी नियमित रूप से अभियान चलाकर प्रगति सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, सहायक श्रमायुक्त छत्रसाल बरनवाल, डीईएसटीओ पन्नालाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?