संविधान दिवस पर मेरा युवा भारत़ द्वारा ‘युवा संवाद’ का हुआ आयोजन

Nov 26, 2026 - 21:11
 0  7
संविधान दिवस पर मेरा युवा भारत़ द्वारा ‘युवा संवाद’ का हुआ आयोजन

आजमगढ़ (संवाददाता)। संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत द्वारा डी.ए.वी. पी.जी. कॉलेज में ‘युवा संवाद - संविधान दिवस संस्करण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी डॉ. भावना की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश यादव उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पी.सी. यादव, राजनीति विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंकज सिंह तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. कृष्ण नंद पांडेय, गौरव कुमार सिंह, डॉ. संतोष कुमार सिंह एवं डॉ. संजय कुमार गौड़ की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण के रूप में युवा आइकॉन शिवम पांडेय ने युवाओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर एक विशेष प्रस्तुति दी। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका, उनकी जिम्मेदारियों तथा नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही विकसित भारत के निर्माण के लिए नशा मुक्त युवा की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नशा मुक्त युवा ही अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में प्रभावी ढंग से कर सकते हैं।

प्रस्तुति के पश्चात विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार एवं जिज्ञासाएं साझा कीं। इस अवसर पर खेल आइकॉन अनुराग कुमार भी उपस्थित रहे।

संविधान के प्रति सम्मान एवं प्रतिबद्धता व्यक्त करने के उद्देश्य से डॉ. पंकज सिंह द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता जैसे मूल्यों को अपने दैनिक जीवन एवं व्यवहार में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सुनील कुमार, नीतीश कुमार, पूजा गुप्ता, खुशी प्रजापति एवं शिवम पांडेय ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का आधार है। इसके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। विकसित भारत /2047 के संकल्प को साकार करने के लिए जागरूक, जिम्मेदार, नशा मुक्त एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow