ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर 10 वर्षीय मासूम की मौत, पिता ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार
हमीरपुर (संवाददाता)। ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर 10 वर्षीय मासूम की मौत ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। हादसे के दूसरे दिन बुधवार को इकलौते बेटे को खोने का दर्द लिए पिता और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। बेसुध पिता ने जिलाधिकारी अशोक कुमार के सामने न्याय की गुहार लगाई। उधर, ग्रामीणों की अवैध मौरंग खनन और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की शिकायतों के बाद प्रशासन ने छापेमारी तो की, लेकिन मौके पर न कोई अवैध खनन करता मिला और न ही परिवहन में लगा कोई वाहन। नदी किनारे मिले बालू के ढेर और खनन क्षेत्र की निकासी जेसीबी से नष्ट कराकर टीम लौट आई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पारा ओझी गांव में मंगलवार शाम 10 वर्षीय अर्पित घर के बाहर साइकिल चला रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित किया गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बुधवार को पिता ओमप्रकाश और अन्य परिजन ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। पिता ने बताया कि उसका बेटा घर के बाहर साइकिल चला रहा था, तभी ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे कुचल दिया। डीएम ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए न्याय का भरोसा दिलाया।
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, हादसे में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घायल अर्पित को उसका चाचा और ट्रैक्टर चालक मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल लेकर पहुंचा था। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान अस्पताल में भीड़ बढ़ने पर दहशत के चलते ट्रैक्टर चालक वहां से भाग निकला। पुलिस चालक की तलाश और मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पारा ओझी और सिडरा सहित आसपास के क्षेत्रों में ट्रैक्टरों से मौरंग की ढुलाई होती है। शाम होते ही ट्रैक्टर तेज रफ्तार से गांव की सड़कों पर दौड़ने लगते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इस बार एक मासूम की जान जाने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश कलेक्ट्रेट तक पहुंचा।
अवैध खनन पर अंकुश और राजस्व वसूली में सुस्ती को लेकर जिलाधिकारी पहले ही खनन निरीक्षक उमाकांत को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दे चुके थे। बैठक में आंकड़ों के बिना पहुंचने और प्रवर्तन कार्यों में शिथिलता पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। एसडीएम सदर अभिषेक कुमार को भी प्रतिकूल प्रविष्टि की चेतावनी दी गई है। सदर तहसील के कलौलीतीर, सहजना, बरदहा, रमेड़ी, सिडरा, कनौटा और पतारा दरिया में चोरी-छिपे मौरंग खनन की शिकायतों पर जांच के आदेश दिए गए थे।
इसी क्रम में बुधवार को एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, सीओ सदर यशपाल सिंह और खनन निरीक्षक उमाकांत ने संयुक्त रूप से इन स्थानों पर छापेमारी की। टीम को मौके पर अवैध खनन या परिवहन करता कोई व्यक्ति अथवा वाहन नहीं मिला। हालांकि नदी किनारे आठ-दस बालू के ढेर मिले, जिन्हें जेसीबी से नष्ट करा दिया गया। खनन क्षेत्र की निकासी भी ध्वस्त करा दी गई।
एक तरफ ग्रामीण अवैध खनन और बेलगाम ट्रैक्टरों को हादसों की वजह बता रहे हैं, दूसरी तरफ छापेमारी में कोई वाहन या आरोपी नहीं मिला। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं तो पहले प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। क्या प्रशासन की कार्रवाई केवल शिकायतों और हादसों के बाद ही सक्रिय होती है। मासूम अर्पित की मौत ने निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?