स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
अमेठी (संवाददाता)। जनपद की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी के अंतर्गत जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्राम पंचायतों में संचालित स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, संचालन और रखरखाव की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। शौचालयों में आकर्षक पेंटिंग कराई जाए तथा बिजली, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहे।
उन्होंने कहा कि केवल शौचालयों का निर्माण कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित उपयोग, साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करना भी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में ओडीएफ प्लस के निर्धारित मानकों की समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के स्थायी परिणाम प्राप्त करने के लिए ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जाए। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कचरे के नियमित संग्रहण, पृथक्करण एवं उचित निस्तारण की व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।
बैठक में रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी सेंटर) के संचालन एवं क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरआरसी सेंटरों को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए ग्राम पंचायतों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए। साथ ही स्वच्छता संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, जिससे गांवों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखा जा सके। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अंत्येष्टि स्थलों एवं जनसेवा केंद्रों के निर्माण और संचालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचना चाहिए तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, परियोजना निदेशक ऐश्वर्य यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?