नलकूप ठप होने से किसान परेशान, सिंचाई प्रभावित
सादुल्लानगर/बलरामपुर, संवाददाता। विकास खंड रेहरा बाजार के सादुल्लानगर क्षेत्र में स्थित राजकीय नलकूप की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नलकूप के ठप होने से गन्ने की फसलों की सिंचाई प्रभावित हो गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
बताया गया कि इस राजकीय नलकूप से मनुवागढ़, जिगनी, सादुल्लाह नगर, ऐदहा सहित कई ग्राम पंचायतों के किसान लाभान्वित होते थे। स्थानीय किसानों शहजाद, रूद्र कुमार यादव, मुहम्मद आजम, हशमत अली, महफूज, विनय, शकील, सैयद मुईद अहसन, नंद किशोर, बजरंगी, डल्लू, हसरत चौधरी, दिनेश आदि ने बताया कि पाइपलाइन और नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण नलकूप से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित है।
किसानों ने यह भी बताया कि इसी तरह कोडरी, नेवादा, भेलयामदनपुर, गोल्हीपुर, पतकरपुर सहित अन्य गांवों में स्थित राजकीय नलकूपों की पाइपलाइन, नालियां और कुलाबे भी जर्जर अवस्था में हैं। इसके चलते ग्रामीणों और किसानों को सरकारी सिंचाई व्यवस्था का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
क्षेत्र के किसानों ने संबंधित विभाग से शीघ्र मरम्मत कार्य कराकर राजकीय नलकूपों की पाइपलाइन, नालियों और कुलाबों के पुनर्निर्माण की मांग की है, ताकि समय पर सिंचाई हो सके और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
What's Your Reaction?