दीपावली पर्व को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पटाखा दुकानों का किया निरीक्षण
अमेठी (संवाददाता)। दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने शनिवार को जनपद भ्रमण के दौरान कस्बा अमेठी स्थित रामलीला मैदान में लगी पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने, अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील एवं उपयोग के लिए तैयार रखने तथा दुकानों पर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य दीपावली पर्व को जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि आमजन बिना किसी परेशानी के हर्षाेल्लास के साथ त्योहार मना सकें।
What's Your Reaction?