जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

Oct 1, 2026 - 21:32
 0  11
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

हमीरपुर (संवाददाता)। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई करते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आमजन को अनावश्यक रूप से कलेक्ट्रेट के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी अधिकारी स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने खरीफ फसलों की खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देश दिए कि 01 अक्टूबर से प्रारंभ हो रही अधिसूचित खरीफ फसलों की खरीद के दृष्टिगत जनपद की सभी मंडियों में संचालित आठ क्रय केंद्रों का तत्काल निरीक्षण कर लिया जाए। सभी केंद्रों पर आवश्यक उपकरण, जनसुविधाएं, मॉइस्चर मीटर सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से उपलब्ध रहें, ताकि किसानों को उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने खरीद प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने के भी निर्देश दिए।

ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र को आज से शत-प्रतिशत ऑनलाइन किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को गूगल मीट के माध्यम से निर्देशित करते हुए कहा कि अब ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र के आवेदन एवं निर्गमन की प्रक्रिया ऑनलाइन ही सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्थिति में ऑफलाइन आवेदन स्वीकार न किया जाए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में इस व्यवस्था का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं।

ग्राम क्योटरा, विकासखंड कुरारा से भूमि पर कब्जे की शिकायत प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमांकन एवं हदबंदी के उपरांत भी यदि किसी व्यक्ति की भूमि पर कब्जे की शिकायत है तो प्रकरण का मौके पर सत्यापन कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सड़क सुरक्षा एवं गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में गड्ढामुक्ति अभियान को तेजी से संचालित किया जाए। साथ ही सड़कों पर उपलब्ध कराए गए धन का उपयोग निर्धारित कार्यों में करते हुए आवश्यक सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सड़कों पर आवश्यक संकेतक, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं एवं अन्य जरूरी प्रबंध यथाशीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा सके।

जनसुनवाई में गलत वारिस प्रमाण पत्र बनाए जाने से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रकरण की जांच कर आवश्यक सुधार एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकासखंड सुमेरपुर के ग्राम टेढ़ा से आई महिलाओं द्वारा सार्वजनिक कुएं की भूमि पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उप जिलाधिकारी हमीरपुर एवं तहसीलदार को तत्काल मौके पर जाकर प्रकरण की जांच करने तथा यदि अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार उसे हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जे अथवा जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की व्यवस्था को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कलेक्ट्रेट आने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर ही शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow