छठ महापर्व पर घाटों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतें - जिलाधिकारी

Nov 7, 2026 - 21:01
 0  11
छठ महापर्व पर घाटों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतें - जिलाधिकारी

अलीगढ़ (संवाददाता)। छठ महापर्व के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में नदियों, तालाबों एवं अन्य पूजा स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना एवं जनहानि को रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप भीड़ प्रबंधन एवं आपदा रोकथाम की कार्ययोजना तैयार की जाए। दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील नदी घाटों एवं तालाबों को पूर्व में ही चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई जाए, जिससे श्रद्धालु अनजाने में भी जोखिमपूर्ण स्थानों तक न पहुंच सकें।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक आयोजन स्थल का लेआउट प्लान तैयार करते हुए प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएं। भीड़ की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग, रस्सियों एवं संकेतक बोर्डों की व्यवस्था की जाए। प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाए। साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए सुरक्षा संबंधी आवश्यक सूचनाओं एवं सावधानियों का निरंतर प्रसारण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रमुख घाटों एवं तालाबों पर पर्याप्त पुलिस बल, प्रशिक्षित स्वयंसेवकों एवं आपदा मित्रों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकों को लाइफ जैकेट, मोटरबोट एवं अन्य आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ अलर्ट मोड में रखा जाए। आवश्यकता के अनुसार नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ निजी नावों के संचालन एवं आवागमन पर भी प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। 

उन्होंने चिकित्सा विभाग को आयोजन स्थलों के आसपास प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अग्निशमन विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों को भी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों सहित तैयार रहने को कहा। प्रत्येक जनपद स्तरीय नियंत्रण कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संपर्क नंबर उपलब्ध रहें और किसी भी आपात स्थिति में सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। सभी घाटों एवं पूजा स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी कमियों को समय रहते दूर कराया जाएगा। भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन निकासी एवं बचाव कार्यों के लिए विभागीय समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें, गहरे पानी में जाने से बचें, बच्चों को जलाशयों के किनारे अकेला न छोड़ें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए यह सुनिश्चित करें कि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow