विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का सघन निरीक्षण, लापरवाही पर 4 प्रधानाध्यापक निलंबित एवं 9 को कारण बताओ नोटिस

Aug 20, 2026 - 20:29
 0  7
विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का सघन निरीक्षण, लापरवाही पर 4 प्रधानाध्यापक निलंबित एवं 9 को कारण बताओ नोटिस

हमीरपुर, संवाददाता। जनपद में प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं बच्चों की कम उपस्थिति तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर प्राप्त हो रही शिकायतों एवं मीडिया में प्रकाशित खबरों को जिलाधिकारी अभिषेक गोयल द्वारा गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का सघन निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा जनपद में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान अगस्त माह में लापरवाही एवं अनियमितता पाए जाने पर 4 प्रधानाध्यापकों को निलंबित किया गया है, जबकि 9 प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने वाले विद्यालयों में भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की गई है तथा संबंधितों को भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न होने की स्पष्ट चेतावनी दी गई है।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा सभी शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में शत-प्रतिशत शिक्षक उपस्थिति सुनिश्चित करने, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow