पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कराएं अधिकारी - जिलाधिकारी

Nov 12, 2026 - 21:48
 0  11
पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कराएं अधिकारी - जिलाधिकारी

अमेठी (संवाददाता)। जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में जनपद में संचालित पौधरोपण अभियान की प्रगति, रोपित पौधों की जियो टैगिंग, पौधों के संरक्षण, नदियों की स्वच्छता, जल गुणवत्ता, औद्योगिक अपशिष्ट के निस्तारण तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता पर लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वर्षा काल में संचालित पौधरोपण अभियान के अंतर्गत लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि रोपित सभी पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे पौधरोपण कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन एवं नियमित अनुश्रवण किया जा सके। 

जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखते हुए विकसित करना भी है। इसलिए जिन स्थानों पर पौधे सूख गए हैं अथवा नष्ट हो गए हैं, वहां उनके स्थान पर नए पौधे लगाए जाएं। पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं तथा उनकी नियमित देखभाल एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण कराने, अनावश्यक वृक्ष कटान पर प्रभावी रोक लगाने तथा पौधों के संरक्षण के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिला गंगा समिति की बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने गंगा नदी एवं उसकी प्रमुख सहायक नदियों के पुनरुद्धार, संरक्षण, मरम्मत एवं पुनर्वासन से संबंधित कार्यों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि नदियों के किनारे एवं घाटों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। नदियों में कूड़ा-कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ डालने पर प्रभावी रोक लगाई जाए। 

उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को नदियों के जल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जल स्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जाए। उन्होंने नदियों के किनारे उपलब्ध उपयुक्त स्थलों पर पिकनिक स्पॉट, पार्क एवं धार्मिक स्थलों के विकास की संभावनाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे इन क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले कचरे एवं अपशिष्ट पदार्थों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी दशा में औद्योगिक अपशिष्ट को नदियों, जलाशयों अथवा अन्य जल स्रोतों में नहीं डाला जाना चाहिए। इसका निस्तारण निर्धारित मानकों एवं पर्यावरणीय नियमों के अनुरूप कराया जाए, ताकि जल प्रदूषण को नियंत्रित करने के साथ प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। 

जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए कचरे का उचित संग्रहण, पृथक्करण एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। 

जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण कराने, रोपित पौधों की देखभाल करने तथा आमजन को स्वच्छता, जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधों का संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद आवश्यक है। इस दिशा में सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में ठोस एवं प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करें। 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow