सरस मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर और उद्यमशीलता को मिला मंच
अमेठी (संवाददाता)। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर गौरीगंज में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय सरस मेले का आज तीसरे एवं अंतिम दिन उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। मेले में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। महिलाओं ने अपने हुनर, परिश्रम और उद्यमशीलता का परिचय देते हुए विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन किया।
मेले में जनपद के कुल 32 स्वयं सहायता समूहों द्वारा अगरबत्ती, दोना-पत्तल, मोमबत्ती, जड़ी-बूटी उत्पाद, नमकीन, कॉस्मेटिक सामग्री, स्लीपर, गुड़िया, कैंडी, मूंज उत्पाद, कपड़े के बैग, कला रेशा से निर्मित सामग्री, वर्मी कंपोस्ट, फिनायल सहित विभिन्न प्रकार के घरेलू एवं उपयोगी उत्पादों के स्टाल लगाए गए। इसके अतिरिक्त पशुपालन विभाग, आरसेटी, बाल विकास, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा कौशल विकास विभाग द्वारा भी स्टाल लगाकर विभागीय योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
सरस मेले के अंतिम दिन जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने मेले में पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं से उनके उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता, लागत एवं विपणन के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना करते हुए उनके परिश्रम, कौशल और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को संगठित कर उन्हें प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पाद न केवल उनकी आय का साधन बन रहे हैं, बल्कि उन्हें समाज में एक नई पहचान भी दिला रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि आप सभी महिलाएं केवल अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत नहीं बना रही हैं, बल्कि अपने गांव और जनपद के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। आपके हुनर और मेहनत में जनपद की पहचान बनाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने हाल ही में स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर अपना व्यवसाय शुरू करने वाली महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप लोग हिम्मत न हारें, पूरा जनपद आपके साथ खड़ा है। आपके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनके बेहतर विपणन के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। जिन समूहों में कार्य करने की इच्छा और आगे बढ़ने का संकल्प है, उन्हें प्रोत्साहित कर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने डीसी एनआरएलएम को जनपद के स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की एक विशिष्ट पहचान विकसित करने के उद्देश्य से जनपद का अपना ब्रांड एवं लोगो तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही उत्पाद तैयार करने वाले समूहों का व्यवस्थित पंजीकरण कराते हुए सभी उत्पादों को एक साझा ब्रांड के अंतर्गत बाजार में उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे स्थानीय उत्पादों को व्यापक स्तर पर पहचान मिल सके और महिलाओं को उनके उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वयं सहायता समूहों को केवल उत्पाद निर्माण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांडिंग, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन विपणन तथा विभिन्न प्रदर्शनियों और मेलों के माध्यम से बिक्री के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं। जनपद के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरस मेले जैसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा को सामने लाने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा मिलती है। उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय सरस मेले के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, बिक्री एवं विपणन के लिए बेहतर मंच प्राप्त हुआ। साथ ही विभिन्न विभागों के स्टालों के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी भी मिली। इस प्रकार सरस मेला ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और जनपद में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
इस अवसर पर डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीके शुक्ल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?