बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प के साथ जनपद में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता शिविर

Nov 27, 2026 - 20:01
 0  18
बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प के साथ जनपद में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता शिविर

हमीरपुर (संवाददाता)। बाल विवाह, बालिकाओं के जबरन एवं कम उम्र में विवाह की रोकथाम तथा बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद में बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के अंतर्गत विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर के तत्वावधान में साई ज्योति संस्थान द्वारा होटल पूजा, अमन शहीद, हमीरपुर में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वंदना अग्रवाल उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वंदना अग्रवाल ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ बच्चों के मौलिक अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास में बाधा है। इससे विशेषकर बालिकाओं का शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षिक विकास प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सामुदायिक स्तर पर व्यापक जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें और किसी भी परिस्थिति में इस कुप्रथा को बढ़ावा न दें।

शिविर में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल अधिकारों, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा तथा बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है तथा इसकी रोकथाम के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर ‘उत्तर प्रदेश ने ठाना है, प्रदेश को बाल विवाह मुक्त बनाना है’ का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बताया गया कि बाल विवाह अथवा बच्चों के साथ हिंसा, शोषण एवं संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 तथा निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवियों एवं नागरिकों ने बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण, बाल विवाह की रोकथाम तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए शपथ ग्रहण कर सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर पीएलवी छाया प्रजापति एवं हुमैरा खातून, महिला कल्याण विभाग से दीप्ति अग्निहोत्री, महिला सशक्तिकरण केंद्र हब की जिला समन्वयक शशि तिवारी, कृष्ण गोपाल तिवारी, एएचटीयू थानाध्यक्ष राकेश यादव एवं उपनिरीक्षक राजबहादुर यादव सहित साई ज्योति संस्थान के पदाधिकारी, विद्यालयों के शिक्षकगण, छात्राएं, स्वयंसेवी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow