बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को दी गई कानूनी जानकारी

Nov 27, 2026 - 20:10
 0  13
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को दी गई कानूनी जानकारी

अमेठी (संवाददाता)। अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज, असैदापुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग पुलिस टीम तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। 

कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की गई थी। अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने पर 27 नवम्बर 2026 को इसकी द्वितीय वर्षगांठ मनाई जा रही है। इसका प्रमुख उद्देश्य बाल विवाह एवं जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन कर वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करना है। 

उन्होंने बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत 18 वर्ष से कम आयु की लड़की तथा 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। कानून का उल्लंघन करने पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध दो वर्ष तक के कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों दंड का प्रावधान है। 

श्री श्रीवास्तव ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं सामाजिक संस्था के प्रतिनिधियों ने बाल विवाह रोकने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने तथा इस संबंध में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक करें। 

इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन से सुपरवाइजर रोशन लाल एवं रुचि सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग पुलिस टीम से हेड कांस्टेबल शिव प्रताप सिंह, एसोसिएशन फॉर वॉलिंटियर संस्था से फराज अहमद तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow