ग्राम पंचायत नेयोरियांबांक में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने किया वृक्षारोपण
बिसवां (सीतापुर), संवाददाता। विकास खंड बिसवां की ग्राम पंचायत नेयोरियांबांक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से समूह की महिलाओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया तथा पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
बैठक में महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के विभिन्न प्रावधानों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों के सुदृढ़ीकरण, नियमित बचत, बैंक लिंकेज, रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि, आजीविका गतिविधियों, वित्तीय साक्षरता, महिला उद्यमिता तथा महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम सभा प्रशासक प्रेमावती, ग्राम पंचायत सचिव विमल कुमार एवं ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) गुलशन त्रिपाठी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए एनआरएलएम की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने, समूहों की नियमित बैठकों, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा सामूहिक आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
What's Your Reaction?