जनपद में सेवा संकल्प अभियान के तहत चला वृहद स्वच्छता अभियान, ग्राम चौपालों में सुनी गईं जनसमस्याएं
अमेठी, संवाददाता। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद अमेठी के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस दौरान ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपालों का भी आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का निस्तारण कराया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने गांव एवं आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा बनाए रखने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसामान्य को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जनसहभागिता और सुशासन को बढ़ावा देना है। अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
What's Your Reaction?