जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सीडीओ की अध्यक्षता में हुई आयोजित

Nov 28, 2026 - 20:31
 0  7
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सीडीओ की अध्यक्षता में हुई आयोजित

अमेठी (संवाददाता)। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में सर्वप्रथम गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। इसके उपरांत सीडीओ द्वारा जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट, सड़क सुधार कार्यों तथा यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रोड पैच सुधार, रिफ्लेक्टर एवं रोड मार्किंग के कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं तथा जहां कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए, बैठक में स्कूली वाहनों एवं बसों की नियमित जांच, फिटनेस एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच तथा 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। 

सीडीओ ने ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कर दृश्यता बढ़ाने, टोल प्लाजा पर कांटा, क्रेन, कटर व एम्बुलेंस की उपलब्धता, तथा प्रमुख चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था, संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। 

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि चालान एवं जुर्माना की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाए, साथ ही जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से सामान फैलाकर किए जा रहे अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने इस पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 

इसके उपरांत सीडीओ ने बस स्टैंड निर्माण की प्रगति, कमरौली क्रॉसिंग के चौड़ीकरण, पोल शिफ्टिंग, पुलिस व एनएचएआई द्वारा संयुक्त रूप से रोस्टर के अनुसार पेट्रोलिंग किए जाने, गलत दिशा से आ रही गाड़ियों का चालान तथा आबादी क्षेत्र के अंतर्गत ब्लिंकिंग लाइट लगवाने के निर्देश संबंधित को दिया। इसके साथ ही एआरटीओ महेश बाबू गुप्ता ने अवगत कराया कि रविवार को पुलिस लाइन में चालकों का नेत्र परीक्षण हेतु कैम्प का आयोजन किया जाएगा। 

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड रमेश चंद्र, एआरटीओ, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow