शीतलहर से बचाव के लिए जारी हुई एडवाइजरी, आमजन से सतर्कता बरतने की अपील
अलीगढ़ (संवाददाता)। संभावित शीतलहर एवं अत्यधिक ठंड के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने आमजन को ठंड से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जनसामान्य से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शीतलहर के दौरान निराश्रित, असहाय, वृद्धजन, बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्ति विशेष रूप से प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए इनके संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि अत्यधिक ठंड में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और गर्म कपड़े, टोपी, मफलर, दस्ताने एवं मोजे पहनकर शरीर को पूरी तरह ढककर रखें। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। पर्याप्त मात्रा में गर्म पेय पदार्थ एवं पौष्टिक भोजन का सेवन करें। खुले स्थानों पर सोने से बचें और ठंड से संबंधित स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
स्वास्थ्य सलाह के अनुसार लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने से बचें। शरीर में कंपकंपी या अत्यधिक ठंड महसूस होने पर तत्काल गर्म स्थान पर जाएं। गीले कपड़ों को बदलकर सूखे एवं गर्म कपड़े पहनें। प्रभावित व्यक्ति को गर्म रखने के साथ आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लें। बंद कमरे में अंगीठी, कोयला अथवा अन्य ईंधन जलाकर न सोएं। अलाव एवं हीटर का प्रयोग भी सावधानीपूर्वक करें। कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं तथा फॉग लाइट का प्रयोग करें।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं प्रभारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण प्रमोद कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि निराश्रित एवं असहाय व्यक्तियों के लिए रैन बसेरों का समुचित संचालन सुनिश्चित किया जाए। इनमें पर्याप्त बिस्तर, कंबल, पेयजल, प्रकाश एवं शौचालय की व्यवस्था रहे। प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यकतानुसार अलाव जलवाए जाएं। स्वास्थ्य विभाग सरकारी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ वृद्धजनों, बच्चों एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों की विशेष निगरानी करें।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को शीतलहर एवं पाले से फसलों को बचाने के लिए आवश्यक परामर्श और कृषि मौसम आधारित सलाह का प्रचार-प्रसार किया जाए। वहीं पशुपालन विभाग को पशुओं एवं गौशालाओं में ठंड से बचाव के लिए सुरक्षित स्थान, चारा, पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शीतलहर से बचाव संबंधी एडवाइजरी का भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने शीतलहर अथवा आपदा से संबंधित किसी भी आपात स्थिति में जनपद स्तरीय आपदा नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9458445291 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त एकीकृत आपातकालीन सेवा 112 और स्वास्थ्य एंबुलेंस सेवा 108/102 का भी उपयोग किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि शीतलहर के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपने आसपास रहने वाले निराश्रित, असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को ठंड से बचाने में सहयोग प्रदान कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दें।
What's Your Reaction?