जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसएसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Nov 28, 2026 - 20:40
 0  5
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसएसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अलीगढ़ (संवाददाता)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान छात्रावास, आईटीआई रोड रसूलपुर, राजा महेंद्र प्रताप सिंह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय सिटी स्कूल, जीटी रोड, जीडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खैर रोड, सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खैर रोड एवं एचआई इंटर कॉलेज, शहंशाहबाद का निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों को निर्देशित किया कि जिले के सभी 3222 मतदेय स्थलों पर बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ ही वहां कार्य करने वाली मतदान कार्मिकों की सुविधा एवं सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने सर्दी के मौसम को देखते हुए मतदान केंद्रों के कमरों के दरवाजे एवं खिड़कियां दुरुस्त रखने तथा कमरों में अंदर से बंद करने के लिए सांकल एवं सटकनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि में ठहरने वाली पोलिंग पार्टियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। उन्होंने संबंधित ईआरओ एवं एईआरओ को भी निर्देशित किया कि वह व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराएं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मतदान स्थल पर मतदाताओं एवं निर्वाचन कार्मिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow