लगातार बारिश के बीच डीएम-एसपी ने किया जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

Sep 26, 2026 - 19:57
 0  12
लगातार बारिश के बीच डीएम-एसपी ने किया जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

अमेठी, संवाददाता। जनपद में लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत जलभराव की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने शनिवार को संयुक्त रूप से तहसील गौरीगंज क्षेत्र के बिहारीगंज गांव का दौरा किया। 

इस दौरान उन्होंने गुलालपुर ड्रेन का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि लगातार वर्षा के कारण किसानों की फसलों को हुए संभावित नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए। 

उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर जाकर आकलन करें तथा समयबद्ध रिपोर्ट उपलब्ध कराएं, ताकि किसानों को नियमानुसार सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि जहां भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहां पानी की निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जलभराव के कारण किसानों, ग्रामीणों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करें। 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने पंचायत भवन का निर्माण अधूरा होने, विद्युत आपूर्ति में समस्या तथा कुछ पात्र परिवारों को शौचालय योजना का लाभ न मिलने की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी जानकारी ली तथा भूमिहीन परिवारों की स्थिति के बारे में पूछा। संबंधित लेखपाल द्वारा बताया गया कि गांव में लगभग 5 से 6 परिवार ऐसे हैं जिनके पास भूमि उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने पात्र भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार पट्टा आवंटित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से आगामी दो दिनों तक विशेष सावधानी एवं सतर्कता बरतने की अपील की। 

उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। विशेष रूप से कच्चे एवं जर्जर मकानों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं तथा जलभराव वाले क्षेत्रों एवं विद्युत तारों के संपर्क से बचें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जनपदवासियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। 

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी सहित राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow