मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांचने विद्यालयों में पहुंचे बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी

Oct 8, 2026 - 21:40
 0  11
मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांचने विद्यालयों में पहुंचे बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी

अमेठी (संवाददाता)। जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देशों के क्रम में जनपद के परिषदीय विद्यालयों में वितरित किए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गुरूवार को व्यापक स्थलीय निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, समस्त कार्यरत खंड शिक्षा अधिकारियों तथा जिला समन्वयक एमडीएम द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण कर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। 

अभियान के दौरान विभिन्न विकासखंडों के कम्पोजिट विद्यालय फुरसतगंज (बहादुरपुर), कम्पोजिट विद्यालय महेशपुर (सिंहपुर), कम्पोजिट विद्यालय वारिसगंज (जगदीशपुर), प्राथमिक विद्यालय दक्खिनगांव क्यार (शुकुल बाजार) तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय मुसाफिरखाना-2 सहित अन्य विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। भेटुआ विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय भेटुआ में निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत विंध्या प्रसाद द्वारा माता वैष्णों देवी के दर्शन के उपरांत विशेष तिथि भोजन का आयोजन कराया गया था। इस दौरान बच्चों को पूड़ी-सब्जी के साथ मिठाई वितरित की गई तथा सभी बच्चों को 11-11 रुपये की धनराशि भी प्रदान की गई।

संग्रामपुर विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय भैरवपुर में निरीक्षण के दौरान निर्धारित मेन्यू के विपरीत रोटी के स्थान पर चावल वितरित किया जाना पाया गया। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी करते हुए भविष्य में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही मध्याह्न भोजन तैयार एवं वितरित कराने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में जिला समन्वयक एमडीएम द्वारा विकासखंड गौरीगंज के कम्पोजिट विद्यालय मनीपुर तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी द्वारा उच्च प्राथमिक विद्यालय विशुनदासपुर में बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण किया गया। 

अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पौष्टिकता एवं स्वाद का बारीकी से परीक्षण किया तथा विद्यालय में भोजन व्यवस्था से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों का नियमित निरीक्षण एवं निगरानी इसी प्रकार लगातार जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow