‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत छात्राओं को मिले पौधे, नारी सशक्तिकरण के साथ हुआ वृक्षारोपण
राठ (हमीरपुर), संवाददाता। राठ नगर के चरखारी रोड स्थित सुमन भारती सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में वन विभाग की ओर से ‘आम बहार आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान चलाकर नारी सशक्तिकरण के संदेश के साथ वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की 350 छात्राओं को एक-एक पौधा उपहार स्वरूप वितरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि भरत अनुरागी ने पौधरोपण करते हुए कहा कि नारी हर शक्ति का आधार है। जिस प्रकार नारी समाज और परिवार को संबल देती है, उसी प्रकार पेड़-पौधे पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी सतेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ‘आम बहार’ प्रजाति के आम के पेड़ वर्ष में तीन बार फल देते हैं। यह प्रजाति पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक है। उन्होंने छात्राओं से पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रवेश कुमारी, लायनेस क्लब की वंदना मिश्रा, डिप्टी रेंजर तौहीद अहमद, वन दरोगा संगीता राजपूत, सुनील कुमार सहित विद्यालय की छात्राएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?