ढाई साल से प्यासे भरखरी के लोग, नहीं आता नमामी गंगे का पानी

Jul 10, 2026 - 20:40
 0  9
ढाई साल से प्यासे भरखरी के लोग, नहीं आता नमामी गंगे का पानी

मुस्करा (हमीरपुर), संवाददाता। मुस्करा विकासखण्ड क्षेत्र के भरखरी गांव के राम जानकी मुहल्ला के लोग बीते ढाई सालों से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बीते शुरूआती समय में ही नमामी गंगे प्रोजेक्ट द्वारा पाइपलाइन बिछा दी गई थी लेकिन आज तक उन्हें सप्लाई नहीं मिली है।

ग्रामीणों ने बताया कि पानी भरने दूर बने पुराने कुएं तक जाना पड़ता है, जिससे बहुत परेशानी उठानीं पड़ती है। गांव के गोविन्द दास, लवकुश, अरविंद, कालका, अंजू, सोम, गया प्रसाद और किशोरीलाल आदि ने बताया कि कई बार विभागीय उच्चाधिकारियों से शिकायत भी की जा चुकी है लेकिन कोई नहीं सुनता। 

गोविन्द दास ने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल में भी शिकायत की गई लेकिन नमामी गंगे अधिशाषी अभियंता कार्यालय से झूठी आख्या भेज दी जाती है कि लीकेज ठीक करवाया जा रहा है लेकिन वहां कोई लीकेज नहीं है बल्कि पानी ही नहीं आता। 

इस संबंध में नमामी गंगे के प्रोजेक्ट मैनेजर अविनाश पांडेय से बात की तो उनका कहना था कि यह उनके संज्ञान में नहीं है। टीम भेजकर सप्लाई चालू करवाई जाएगी। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पेयजल सप्लाई चालू करवाए जाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow