मुख्य सचिव की अध्यक्षता में नायल की 27वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न
लखनऊ, संवाददाता। मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में मंगलवार को लोक भवन में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) की 27वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के निदेशक मंडल में निदेशक नागरिक उड्डयन निखिल टी. फुंडे एवं सचिव, वित्त विभाग संदीप कौर को निदेशक के रूप में अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक के दौरान जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घरेलू (डोमेस्टिक) एवं कार्गाे सेवाओं के शुभारम्भ की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनल के फिनिशिंग कार्यों की प्रगति से अवगत कराया गया। बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य सितंबर-अक्टूबर 2026 तक पूर्ण हो जाएगा तथा इसी वर्ष अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन प्रारम्भ हो जाएगा।
बैठक में अपर मुख्य सचिव, औद्योगिक विकास विभाग आलोक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण एन. जी. रवि कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा नोएडा प्राधिकरण कृष्णा करुणेश ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
वहीं, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) राकेश कुमार सिंह, सचिव वित्त संदीप कौर, निदेशक नागरिक उड्डयन निखिल टी. फुंडे तथा जेवर एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने भौतिक रूप से उपस्थित होकर बैठक में प्रतिभाग किया और परियोजना की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया।
What's Your Reaction?