एक दिवसीय अवधी लोक संगीत महोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

May 10, 2026 - 21:13
 0  106
एक दिवसीय अवधी लोक संगीत महोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

सुल्तानपुर, संवाददाता। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित रिपेट्री अनुदान के अन्तर्गत सर्वांगीण विकास सेवा अकादमी अमारी जौनपुर के सौजन्य से पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में एक दिवसीय अवधी लोक संगीत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शुभारंभ मुख्य अतिथि डा0 दिलीप कुमार श्रीवास्तव द्वारा मां सरस्वती के चित्र  पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। 

अवधी लोक संगीत महोत्सव समारोह में लोक संगीत कलाकारों ने लोकगीत भजन सोहर नटका बधाई होली गीत एवं लोक नृत्य के माध्यम से दर्शकों को मन्त्र मुग्ध कर दिया। लोकसंगीत के प्रारंभ में बृजेश पाण्डेय द्वारा सरस्वती वंदना स्वागत गीत एवं बिरह गीत गुलरी के फूल भईला बलमू की सुन्दर प्रस्तुति की गई।

अयोध्या धाम से आई संगमलता की टीम ने लोकगीत नटका बधाई एवं होली गीत लोकनृत्य की सुन्दर प्रस्तुति से लोगों को भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम में अंकित मिश्रा एवं गौरव पाण्डेय ने ‘अयोध्या का है सुंदर नजारा ये तो तीर्थाे मे तीरथ है प्यारा’ लोकगीत की अनुपम प्रस्तुति से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके साथ ही संस्था के अध्यक्ष पं0 दयाशंकर पाण्डेय ने अरे मन भजले राम सिया के भजन पर लोगो को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के अंत मे मुख्य अतिथि ने अपनी कविता से लोगो को तालियां बजाने पर बिबस कर दिया। कार्यक्रम में लोक कलाकार सौरभ पाण्डेय, अरुण, प्रदीप, अनुराग, राहुल, आरती, अंजली एवं रूचि आदि लोक कलाकारों ने भी लोक विधा पर आधारित लोक संगीत प्रस्तुत कर लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया।

कार्यक्रम का संचालन बिशाल तिवारी ने किया। अकादमी के अध्यक्ष पं0 दयाशंकर पाण्डेय एवं सचिव इन्दु प्रकाश मिश्र ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए आगन्तुक अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर भारी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow