जिलाधिकारी ने रेडिको खेतान लिमिटेड की औद्योगिक इकाई का किया निरीक्षण
सीतापुर, संवाददाता। जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 ने रेडिको खेतान लिमिटेड की ग्राम कंदुनी, बिसवां मार्ग, स्थित औद्योगिक इकाई का औपचारिक निरीक्षण एवं भ्रमण किया।
इकाई पहुँचने पर प्रबंधन द्वारा उनका पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर इकाई के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अंशु श्रीवास्तव, एचआर हेड अजय कुमार गोस्वामी, फाइनेंस हेड अनिल कुमार जैन तथा अन्य विभागाध्यक्षों द्वारा उनका आत्मीय अभिनंदन किया गया।
इस दौरान यूनिट हेड द्वारा प्रतिष्ठान में नए प्रोजेक्ट्स के अंतर्गत हो रहे विस्तारीकरण एवं भावी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। एचआर हेड अजय कुमार गोस्वामी ने क्षेत्र में हो रहे रोजगार सृजन एवं स्थानीय युवाओं को उपलब्ध हो रहे अवसरों पर प्रकाश डाला, वहीं फाइनेंस हेड अनिल कुमार जैन ने प्रतिष्ठान द्वारा जनपद एवं प्रदेश के राजस्व वृद्धि में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान की जानकारी साझा की।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने आसवानी इकाई, बॉटलिंग विभाग, मैचुरेशन हॉल एवं फर्मेंटेशन सेक्शन का विस्तृत अवलोकन किया। इस अवसर पर आसवानी विभागाध्यक्ष डी. के. यादव एवं बॉटलिंग विभागाध्यक्ष भूपेंद्र तोमर द्वारा उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्थाओं, आधुनिक तकनीकी प्रक्रियाओं तथा इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही इकाई में संचालित नवीन औद्योगिक परियोजनाओं एवं भावी विकास योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान संयंत्र में अपनाए जा रहे उच्चस्तरीय सुरक्षा मानकों, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली, पर्यावरणीय अनुपालन तथा तकनीकी दक्षता की सराहना की गई। एचआर हेड अजय कुमार गोस्वामी द्वारा कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य एवं प्राकृतिक खेती से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसकी जिलाधिकारी ने विशेष प्रशंसा की। अधिकारियों द्वारा उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली एवं औद्योगिक विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी प्रस्तुत की गईं।
जिलाधिकारी ने जनपद में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन एवं आर्थिक प्रगति में रेडिको खेतान लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के उत्कृष्ट औद्योगिक योगदान जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
What's Your Reaction?