केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कृषि विभाग ने चलाया ‘खेत बचाओ अभियान’

Jun 22, 2026 - 20:34
 0  3
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कृषि विभाग ने चलाया ‘खेत बचाओ अभियान’

हमीरपुर, संवाददाता। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कृषि विभाग द्वारा संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड सुमेरपुर के ग्राम कलौलीजार एवं बांकी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने की।

कार्यक्रम में किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं, अनुदान कार्यक्रमों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन तथा खरीफ फसलों के वैज्ञानिक उत्पादन संबंधी जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि प्राकृतिक खेती वर्तमान समय की आवश्यकता है, जिससे उत्पादन लागत में कमी आने के साथ-साथ भूमि की उर्वरता एवं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण कराकर संतुलित उर्वरकों के उपयोग तथा जल संरक्षण के उपाय अपनाने का आह्वान किया।

उप कृषि निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार ने किसानों को आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि कम वर्षा की संभावनाओं को देखते हुए कम पानी एवं कम उर्वरक में तैयार होने वाली फसलों को प्राथमिकता देना लाभकारी होगा। उन्होंने किसानों को उड़द, मूंग, अरहर, तिल, मूंगफली, सोयाबीन, श्रीअन्न फसलें, बाजरा, सांवा, कोदो एवं रागी की खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इन फसलों के मिनीकिट निःशुल्क तथा प्रमाणित बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर कृषि विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में किसानों को कृषि विभाग की ऑनलाइन सेवाओं एवं विभागीय पोर्टल के माध्यम से बीज एवं अन्य सुविधाओं हेतु आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर आय बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. इन्द्रेश कुमार गौतम ने जैविक कीटनाशकों एवं समेकित कीट प्रबंधन के बारे में जानकारी दी, जबकि कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. एनके यादव ने किसानों को ष्खेत बचाओ अभियानष् के उद्देश्यों एवं फसल संरक्षण के उपायों से अवगत कराया।

कार्यक्रम में कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्राम कलौलीजार एवं बांकी सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 250 से अधिक कृषकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow