शारदीय नवरात्रि पर मंदिरों व मेला स्थलों पर चला विशेष स्वच्छता अभियान
अमेठी (संवाददाता)। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा मच्छरजनित एवं संचारी रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रमुख मंदिरों, मेला स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कराने के साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके और बीमारियों के प्रसार की आशंका को कम किया जा सके।
जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। शारदीय नवरात्र के अवसर पर जनपद के प्रमुख मंदिरों एवं मेला क्षेत्रों में विशेष रूप से साफ-सफाई कराई गई। इसके साथ ही विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत पूर्व निर्धारित गांवों में भी सफाई अभियान चलाकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया।
उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से संबंधित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण रखने और संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जनपद में स्वच्छता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं एंटी लार्वा छिड़काव के माध्यम से स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?