आपदा प्रभावित किसानों एवं परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध प्रदेश सरकार, अमेठी में लाभार्थियों को वितरित किए गए डेमो चेक
अमेठी (संवाददाता)। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों एवं अन्य व्यक्तियों को राहत प्रदान करने तथा संकट की घड़ी में उन्हें आर्थिक संबल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर से आपदा राहत अनुदान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार, गौरीगंज, अमेठी में किया गया। इस अवसर पर आपदा से प्रभावित लाभार्थियों को डेमो चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान जनपद में आपदा के कारण जनहानि, पशुहानि एवं मकान क्षति से प्रभावित व्यक्तियों को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह द्वारा डेमो चेक प्रदान किए गए। इस पहल के माध्यम से आपदा प्रभावित परिवारों को शासन की राहत एवं सहायता व्यवस्था से जोड़ने तथा उन्हें कठिन परिस्थितियों से उबरने में सहयोग प्रदान करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित किसानों एवं लाभार्थियों को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित व्यक्तियों को समयबद्ध तरीके से राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता प्रदान करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक राहत सहायता पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती है, ताकि प्रभावित व्यक्तियों को कठिन समय में आर्थिक सहारा मिल सके। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि यदि राहत सहायता प्राप्त करने अथवा किसी अन्य संबंधित प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे अपनी समस्या लेकर संबंधित विभाग से संपर्क करें, जिससे नियमानुसार उसका समाधान कराया जा सके।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की मंशा है कि आपदा से प्रभावित किसी भी पात्र व्यक्ति को सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई न हो तथा शासन की राहत योजनाओं का लाभ समय से जरूरतमंदों तक पहुंचे। जनहानि, पशुहानि एवं मकान क्षति जैसी परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराकर उन्हें संबल प्रदान करना सरकार की संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह तथा आपदा प्रबंधन की टीम सहित संबंधित अधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?