मुख्य विकास अधिकारी ने संग्रामपुर में कृषि प्रदर्शनों का किया औचक निरीक्षण

Oct 12, 2026 - 20:47
 0  1
मुख्य विकास अधिकारी ने संग्रामपुर में कृषि प्रदर्शनों का किया औचक निरीक्षण

अमेठी (संवाददाता)। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू द्वारा सोमवार को विकास खंड संग्रामपुर के विभिन्न ग्रामों में संचालित कृषि गतिविधियों एवं फसल प्रदर्शनों का औचक निरीक्षण किया गया। 

निरीक्षण के दौरान ग्राम सरैया बड़गांव में कृषक अनुज कुमार सिंह द्वारा आत्मा योजना के अंतर्गत आयोजित फार्म स्कूल धान प्रदर्शन, कृषक शैलेन्द्र कुमार सिंह द्वारा की जा रही केले की खेती तथा ग्राम मधुपुर खदरी में कृषक संजय कुमार सिंह द्वारा आत्मनिर्भरता इन पल्सेस योजना के अंतर्गत आयोजित अरहर क्लस्टर प्रदर्शन का जायजा लिया गया। निरीक्षण के समय उप कृषि निदेशक, कृषि विभाग के कर्मचारी एवं लाभार्थी किसान बंधु उपस्थित रहे।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मौके पर उपस्थित किसान बंधुओं से संवाद कर कृषि गतिविधियों एवं फसल प्रदर्शनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक द्वारा किसानों से पराली न जलाने की अपील की गई तथा फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उप कृषि निदेशक को निर्देशित किया गया कि किसान बंधुओं को आधुनिक एवं तकनीकी कृषि पद्धतियों के संबंध में नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकें। साथ ही शासन एवं भारत सरकार द्वारा संचालित किसान कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत सभी पात्र किसान बंधुओं को लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी किसानों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करें तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि, फसल विविधीकरण एवं कृषकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow